
इंदौर: कटनी के बहुचर्चित जमीन सौदा कांड में पूर्व नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया समेत तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी विदेश भागने की कोशिश कर सकते हैं, जिसके चलते उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी और पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के मकानों पर ताले मिले। कभी कानून-व्यवस्था संभालने वाली पूर्व CSP अब खुद पुलिस की गिरफ्तारी से बचती नजर आ रही हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित संपर्कों और ठिकानों की भी जांच कर रही है।