सेंधवा।* संकट मोचन बाला जी सेवा समिति, नया बस स्टैंड के द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी विशाल चुनरी पदयात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा नया बस स्टैंड परिसर स्थित संकट मोचन बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ी बिजासन माता मंदिर तक 16 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पहुंची। चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, बालिकाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने सहभागिता की। सभी भक्त माता की चुनरी लेकर भजनों पर नाचते-गाते हुए बड़ी बिजासन माता मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से माता को चुनरी अर्पित की गई। आयोजन समिति के गोपाल शर्मा ने बताया कि समिति द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्रि के अवसर पर चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त सहभागिता करते हैं। बड़ी बिजासन माता को चुनरी चढ़ाकर सभी ने क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए माता से प्रार्थना की। इस अवसर पर विकास कुमरावत, गोपाल शर्मा, प्रिंस शर्मा, दीपक यादव, रवि यादव, रवि गुप्ता, महेश गुर्जर, संटू प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।