सेंधवा: सेवा संकल्प अभियान के तहत विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन…
अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने किया रक्तदान 150 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहीत।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेंधवा के लायंस कम्यूनिटी हॉल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 150 यूनिट रक्तदान हुआ । सेंधवा-पानसेमल विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान और सुभाषचंद बोस रक्तदान समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 150 लोगों ने रक्तदान किया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचे। विभिन्न विभागों के शासकीय कर्मचारियों ने अपनी नियमित जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग प्रदान किया। वहीं आम नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा, समर्पण एवं जनसेवा की भावना के साथ मनाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान शिविर भी इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने और जरूरतमंदों की सहायता करने का संदेश दिया गया। अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में उपयोगी हो सकता है। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव, मोहन जोशी पानसेमल एसडीएम रमेशचंद्र सिसोदिया, सीएचओ जयपालसिंह ठाकुर, तहसीलदार हितेन्द्र भावसार, जनपद सीईओ नीलम रायकवार , सीएमओ मधु चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी, राहुल पवार, छोटू चौधरी, गणेश राठौड़, विवेक छाबड़ा, विवेक तिवारी, रोहित गर्ग, समीर शेख, सचिन शर्मा, श्याम पाटिल, तरुण स्वामी, सचिन चौहान, प्रफुल्ल पाटीदार, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, नर्स स्टॉप ने समर्पण के साथ रक्तदान शिविर में अपनी सेवाएं दी । आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को जनसेवा की गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल रहा तथा सेवा और सहयोग की भावना के साथ रक्तदाताओं ने आगे बढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।