सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों ने की सड़कों की सफाई
गांधी जयंती पर पुराने एबी रोड से मुक्तिधाम मार्ग तक चला सफाई अभियान, पौधारोपण भी किया

सेंधवा*। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुराने एबी रोड स्थित त्रिपद चौराहे से मुक्तिधाम रोड तक चलाए गए अभियान में अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, उपाध्यक्ष मोहन जोशी सहित पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गांधी जयंती पर नगर पालिका परिषद द्वारा स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर सड़क किनारे एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की तथा एकत्रित कचरे को उठाकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया।
अभियान के दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा नगर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। स्वच्छता अभियान के साथ ही मार्ग के आसपास पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
*स्वच्छता केवल अभियान नहीं, सामूहिक जिम्मेदारी : अंतरसिंह आर्य*
अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाना उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का माध्यम है। स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। जब जनप्रतिनिधियों के साथ आम नागरिक भी इसमें सहभागी बनेंगे, तभी स्वच्छ और सुंदर नगर का निर्माण संभव होगा। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया। इस दौरान निमाड़ के गांधी के रूप में प्रसिद्ध पूर्व सांसद रामचंद्र विठ्ठल बड़े को भी याद किया ।
*नगर को स्वच्छ रखने में नागरिकों की भागीदारी जरूरी : बसंती बाई यादव*
नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि नगर पालिका द्वारा स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए लगातार सफाई कार्य किए जा रहे हैं। लेकिन नगर को पूरी तरह स्वच्छ रखने के लिए नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाए तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डाले तो स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता मिल सकती है। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान के साथ पौधारोपण कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है।
अभियान के दौरान नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, विकास आर्य, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, विवेक छाबड़ा, गणेश राठौड़, सचिन शर्मा, कालू सावले, अखिलेश पवार, लक्ष्मी शर्मा, लता चौधरी, ललिता शर्मा, अनीता धामोने, सरला कोठारी, कृष्णा पालीवाल, नंदा गुर्जर, शकील मंसूरी, शकील चन्देजा सहित नपा अधिकारी मधु चौधरी, उपयंत्री सचिन अलने, विशाल जोशी, मोहन धामोने, पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।