
उज्जैन : भगवान महाकालेश्वर की सवारी और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के बीच महाकाल पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को इंदौर निवासी मनोहर परमार अपने बेटे के साथ महाकालेश्वर की सवारी देखने उज्जैन पहुंचे थे। उन्होंने अपनी HF Deluxe बाइक कार्तिक मेला ग्राउंड में खड़ी की थी, लेकिन वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। इसके बाद थाना महाकाल में चोरी का मामला दर्ज किया गया। इसी तरह 25 अगस्त को महाकाल मंदिर अन्नक्षेत्र की सरफेस पार्किंग से भी HF Deluxe बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई।
मामलों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गगन बादल ने विशेष पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने सीसीटीवी, मुखबिर तंत्र और संभावित स्थानों पर दबिश के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विशाल सिंह (21) निवासी खेरखेड़ी, घटिया और मंजूर खान (20) निवासी बिचड़ोद, तराना को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने महाकाल थाना क्षेत्र के साथ ही जिले के अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 7 चोरी की बाइकें बरामद कीं। इनमें महाकाल थाना क्षेत्र से चोरी हुई 2 मोटरसाइकिलें और जिले के अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 5 बाइक शामिल हैं। बरामद वाहनों में HF Deluxe, Splendor Plus, Hero Splendor और Pulsar मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वाहन चोरी और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।